औरैया जिले में एक शादी उस समय अधूरी रह गई, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत का दौर चला, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, इटावा से बारात अछल्दा क्षेत्र के एक गांव पहुंची थी। स्वागत और द्वारचार की रस्मों के बाद जयमाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी दौरान दुल्हन के भाई ने मजाक में दूल्हे के गाल पर चिकोटी काट दी, जिससे वह नाराज हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिससे शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विवाद के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ शादी करने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि दूल्हा काफी दुबला-पतला है और वह उसके साथ विवाह नहीं करेगी। परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत से विवाद समाप्त कर दिया, लेकिन शादी नहीं हो सकी। किसी भी पक्ष ने इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी।
.jpeg)


