देश में स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय रेलवे ने दिल्ली-जिंद रेलखंड पर हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल पूरा किया है। परीक्षण के दौरान ट्रेन की अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार, इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम और स्थिरता सहित विभिन्न तकनीकी मानकों की जांच की गई।
इससे पहले ट्रेन का परीक्षण जींद- सोनीपत रेलखंड पर किया गया था। अब दिल्ली तक ट्रायल सफल होने के बाद इसे यात्री सेवा के लिए तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर ट्रेन के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया।
हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से संचालित यह ट्रेन डीजल इंजनों का पर्यावरण-अनुकूल विकल्प मानी जा रही है। इसके संचालन से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और रेलवे के हरित परिवहन मिशन को मजबूती मिलेगी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे जल्द ही नियमित यात्री सेवा में शामिल किए जाने की संभावना है।



