स्लम बस्तियों के बच्चों और महिलाओं के लिए दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान का समर कैंप शुरू

वाराणसी। समाज के वंचित वर्ग को शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यरत दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान ने पंचक्रोशी स्थित अपनी नई शाखा में समर कैंप का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि दीपक बजाज और अन्य अतिथियों ने फीता काटकर किया।संस्थान लंबे समय से स्लम क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। संस्था का उद्देश्य ऐसे परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई का खर्च वहन नहीं कर पाते।

समर कैंप के तहत महिलाओं और युवतियों को निशुल्क सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन, मेहंदी कला समेत विभिन्न स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।संस्थान की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने बताया कि हर वर्ष आयोजित होने वाले इस समर कैंप में बच्चों और महिलाओं को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और संस्कारों से जुड़ी जानकारियां भी दी जाएंगी।उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास समाज में सकारात्मक बदलाव का मजबूत आधार हैं। संस्थान का यह प्रयास जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं को नए अवसर प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समर कैंप शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायी मंच साबित होगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post