शिवपुर थाना क्षेत्र के मुहिपुर निवासी एक युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की मां आशा देवी ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर एक व्यक्ति पर मानसिक प्रताड़ना, धमकी और अवैध रूप से रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, मुहिपुर निवासी गौतम सेठ ने कुछ समय पहले चुनारी (बड़ागांव) निवासी राहुल सेठ से ऑनलाइन माध्यम से छोटी-छोटी रकम उधार ली थी। आरोप है कि ऋण के बदले राहुल सेठ को एक चेक दिया गया था।
बाद में गौतम सेठ ने मूल धन और ब्याज सहित कुल 87 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन इसके बावजूद राहुल सेठ ने चेक लौटाने से इनकार कर दिया।परिजनों का आरोप है कि रुपये वापस करने के बाद भी राहुल सेठ लगातार अतिरिक्त धन की मांग कर रहा था। साथ ही चेक का दुरुपयोग कर मुकदमा दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। लगातार हो रही कथित प्रताड़ना और दबाव के कारण गौतम सेठ मानसिक तनाव में आ गया।
तहरीर में कहा गया है कि मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर गौतम सेठ ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उपचार चल रहा है।पीड़ित की मां आशा देवी ने शिवपुर पुलिस से मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
Tags
Trending


