ग्लोबल संकेतों से घरेलू बाजार में जोश, सेंसेक्स 1700 अंक चढ़ा

वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और ईरान-अमेरिका समझौते की संभावनाओं के बीच भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 1,695 अंक की बढ़त के साथ 75,527 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 461 अंक उछलकर 23,622 के स्तर पर पहुंच गया। दिनभर के कारोबार में रियल्टी, प्राइवेट बैंक, सरकारी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी देखने को मिली। बाजार की मजबूत शुरुआत हुई और सेंसेक्स करीब 1,000 अंक तथा निफ्टी लगभग 300 अंक की बढ़त के साथ खुला था।

बाजार में तेजी का प्रमुख कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का वह दावा माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खमेने ने एक नई परमाणु समझौता योजना को मंजूरी दे दी है। ट्रम्प के अनुसार, इस समझौते के तहत ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा और समझौता लागू होते ही होर्मुज स्ट्रेट को खोल दिया जाएगा। हालांकि, ईरान की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, इससे पहले 11 जून को शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला था। 

सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर से 562 अंक फिसलकर 73,833 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 53 अंक की गिरावट के साथ 23,162 के स्तर पर आ गया था। उस दिन आईटी और बैंकिंग शेयरों में सबसे अधिक बिकवाली दर्ज की गई थी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद और निवेशकों के बढ़ते भरोसे ने घरेलू बाजार को मजबूती प्रदान की है। यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं, आने वाले कारोबारी सत्रों में भी बाजार में सकारात्मक रुख देखने को मिल सकता है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post