अंबुबाची पर्व के अवसर पर कमच्छा स्थित मां कामाख्या मंदिर के कपाट तीन दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस अवधि में मां भगवती रजस्वला स्वरूप में रहती हैं, जिसके चलते गर्भगृह में पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक अनुष्ठान स्थगित कर दिए जाते हैं।मंदिर प्रशासन के अनुसार कपाट बंद रहने के दौरान श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचकर बाहर से ही माता का दर्शन कर रहे हैं। इस अवधि में गर्भगृह में किसी प्रकार की नियमित पूजा नहीं की जाती और पूरा समय साधना तथा आध्यात्मिक आराधना को समर्पित माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अंबुबाची पर्व शक्ति और सृजन के उत्सव का प्रतीक है। तीन दिनों तक कपाट बंद रहने के बाद चौथे दिन विशेष साफ-सफाई, शुद्धिकरण और वैदिक अनुष्ठानों के साथ मंदिर के द्वार पुनः खोले जाएंगे। इसके पश्चात श्रद्धालु माता के दर्शन कर सकेंगे तथा प्रसाद प्राप्त करेंगे।अंबुबाची पर्व को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।


