एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक शहर फरीदाबाद को जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलने वाली है। इसके लिए 31.425 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है, जिसका 73 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के अप्रैल 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है।यह एक्सप्रेसवे फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ेगा और साथ ही केएमपी एक्सप्रेसवे तथा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से भी कनेक्ट होगा। इससे फरीदाबाद, पलवल, दिल्ली और पूरे एनसीआर के यात्रियों को तेज और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।
उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि जिस प्रकार इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने गुरुग्राम के औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया था, उसी तरह जेवर एयरपोर्ट फरीदाबाद और पलवल के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। इससे निर्यात आधारित उद्योगों को लाभ मिलेगा और विदेशी निवेश आकर्षित होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
सरकार एक्सप्रेसवे के आसपास आईटी हब और औद्योगिक गलियारा विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है। वहीं, बेहतर कनेक्टिविटी के कारण रियल एस्टेट क्षेत्र में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले वर्षों में फरीदाबाद निवेश और आवास के लिए एक प्रमुख विकल्प बन सकता है।इसके अलावा, फरीदाबाद के लोगों को अब दिल्ली एयरपोर्ट के अलावा जेवर एयरपोर्ट का भी विकल्प मिलेगा, जिससे यात्रा और व्यावसायिक गतिविधियां अधिक सुविधाजनक हो जाएंगी।


