पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव स्थित खाद्य तेल के एक गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दूर तक धुएं का गुबार और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। गोदाम में बड़ी मात्रा में रिफाइंड, सरसों तेल और डालडा का भंडारण होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई हुई। आग पास में मौजूद बैटरी स्टोर तक पहुंच गई, जिसके चलते फायर ब्रिगेड को पानी के साथ-साथ फोम का भी इस्तेमाल करना पड़ा।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, जबकि वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।



