बिहार के छपरा जिले में 2024 के चर्चित वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के एक अहम गवाह की रविवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में उनका छोटा भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। वारदात के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार राय अपने छोटे भाई मनीष कुमार राय के साथ एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मेथवलिया चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से पंकज कुमार राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
पंकज कुमार राय वर्ष 2024 में जमीन विवाद के दौरान हुई वकील राम अयोध्या राय और उनके अधिवक्ता पुत्र सुनील कुमार राय की हत्या के मामले के प्रमुख गवाह थे। बताया जा रहा है कि उनकी जल्द ही अदालत में गवाही होने वाली थी।घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने छपरा-पटना मुख्य मार्ग जाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा परिजनों की शिकायत के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



