सूरत से विकास का महाअभियान: पीएम मोदी ने हजीरा में L&T यूनिट का किया दौरा, 18,800 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सूरत के हजीरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने हजीरा में स्थित औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया और वहां चल रहे निर्माण एवं औद्योगिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। हजीरा दौरे के बाद प्रधानमंत्री सूरत में 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।



प्रधानमंत्री करीब 18,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें सड़क, स्वास्थ्य, औद्योगिक और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। साथ ही वे वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज -7 का भी उद्घाटन करेंगे। सूरत के बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे, जहां वे नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण करेंगे। दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत भी प्रस्तावित है।



इसके अलावा प्रधानमंत्री केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए करीब 885 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। इनमें कल्पेनी और कदमत द्वीप के बंदरगाहों के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा गुजरात, दमन और लक्षद्वीप में बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post