बरेली में 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। जिले में 419 बिजली के खंभे टूट गए और 23 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। कई हाईटेंशन लाइनें टूटने से हजारों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित रही।आंधी के कारण करीब 154 पेड़ और बड़ी शाखाएं सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
बिजली न होने से पेयजल संकट पैदा हो गया और लोगों को गर्मी व उमस के बीच काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।स्थिति को सामान्य करने के लिए नगर निगम ने 150 कर्मचारियों, 8 बुलडोजर, 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
नगर निगम और बिजली विभाग की संयुक्त टीमों ने सड़कों से पेड़ हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू किया।इस आंधी ने शहर की आपदा प्रबंधन तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने भविष्य में खतरा बनने वाले जर्जर पेड़ों की पहचान कर उनकी छंटाई और हटाने की कार्रवाई करने की बात कही है।


