काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख एवं प्रख्यात शिक्षाविद स्वर्गीय प्रो. राम प्रवेश पाठक की पुण्य स्मृति में प्रो. एच. एन. त्रिपाठी फाउंडेशन एवं काशी बौद्धिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, शोधार्थियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम का संचालन प्रो. क्षेमेंद्र त्रिपाठी ने किया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने प्रो. राम प्रवेश पाठक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वक्ताओं ने कहा कि प्रो. राम प्रवेश पाठक एक उत्कृष्ट शिक्षाविद, कुशल प्रशासक और सरल-सौम्य व्यक्तित्व के धनी थे। सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुशासन, शैक्षणिक उत्कृष्टता और मानवीय मूल्यों से असंख्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
सभा में वक्ताओं ने उनके शिक्षा, शोध और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका बौद्धिक नेतृत्व, स्नेहिल व्यवहार और मानवीय संवेदनशीलता उन्हें एक विशिष्ट शिक्षाविद के रूप में स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।इस अवसर पर प्रो. जय प्रकाश त्रिपाठी, प्रो. सतीश राय, प्रो. एन. के. दुबे, डॉ. एस. एन. पाण्डेय, डॉ. अवध नारायण त्रिपाठी, डॉ. ओ. पी. राय, डॉ. अखिलेंद्र त्रिपाठी, डॉ. अरुण श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, प्रो. अजय त्यागी, प्रो. राजेश कुमार, नंद जी उपाध्याय, अजय चौहान सहित विश्वविद्यालय एवं समाज के अनेक शिक्षाविद और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शांति पाठ और सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ सभा का समापन हुआ।



