अमरनाथ यात्रियों के लिए चंदनबाड़ी में लगेगा काशी का 26वां विशाल भंडारा, 28 जून को रवाना होगा 70 सेवादारों का जत्था

श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जम्मू-कश्मीर के चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वां विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। यह भंडारा जुलाई से रक्षाबंधन तक लगातार संचालित होगा। समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने शिवाला स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चंदनबाड़ी स्थित सेवा शिविर में करीब 300 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के लिए बनारसी कचौड़ी, जलेबी, ठंडाई, पान के साथ-साथ पूड़ी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा, दूध सहित अन्य भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा कंबल, जूते, मोजे, टोपी, मास्क, स्वेटर और शॉल जैसी आवश्यक वस्तुएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

समिति अध्यक्ष ने बताया कि 20 जून को 10 सेवादारों का पहला जत्था चंदनबाड़ी पहुंचकर शिविर की तैयारियों में जुट चुका है। वहीं 28 जून को 70 सेवादारों का दूसरा जत्था उनके तथा विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में बेगमपुरा एक्सप्रेस से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा।

रवाना होने से पहले 28 जून की सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित होटल जसलोक के पास से 300 से 400 बाइकों की विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली भेलूपुर, शिवाला, सोनारपुरा, गदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन और लहुराबीर होते हुए वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। रैली में बर्फ से निर्मित बाबा का शिवलिंग और डमरू दल भी शामिल रहेगा, जो विभिन्न स्थानों पर रुककर डमरू वादन के माध्यम से बाबा भोलेनाथ को काशी का यात्रा संदेश अर्पित करेगा।

दिलीप सिंह बंटी ने कहा कि हाल की घटनाओं के बावजूद श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर उत्साह बना हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत की गई है और जिन श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीकरण नहीं हो सका है, उनके लिए जम्मू, श्रीनगर और पहलगाम में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि संस्था ने अब तक कई यात्रियों और विभिन्न समूहों का पंजीकरण कराने में भी सहयोग किया है।

समिति के अनुसार 10 जुलाई को गुजरात के राजकोट से भी एक विशेष सेवादार दल गुजराती भोजन सामग्री के साथ भंडारे में शामिल होगा। संस्था ने काशीवासियों से अपील की है कि 28 जून की सुबह बाइक रैली में पहुंचकर सेवादारों का उत्साहवर्धन करें और उन्हें अमरनाथ सेवा यात्रा के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा करें।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post