पुणे में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर हत्या की साजिश रची। बताया जा रहा है कि केतन को लोहागढ़ किले पर ले जाकर खाई में धक्का दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान मामला हत्या का निकला।पुलिस का दावा है कि यह हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके लिए पहले भी कई बार कोशिशें की गई थीं, जो असफल रहीं। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।
इस बीच, मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सिया गोयल किसी और से प्रेम करती थी और यह रिश्ता नहीं निभाना चाहती थी, तो उसे पहले ही मना कर देना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें लगता है कि शादी तय करने से पहले सिया के बारे में पूरी तरह जांच-पड़ताल करनी चाहिए थी।परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में परिवार इस रिश्ते को लेकर आशंकित था, लेकिन सिया के परिवार के लगातार आग्रह के बाद शादी के लिए सहमति दी गई थी। दोनों परिवारों के बीच शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, ऐसे में इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।


