भोजपुर जिले के आरा स्थित शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के विरोध में आयोजित महापंचायत में लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनसे इस्तीफे की मांग की। “भरत तिवारी अमर रहें” के नारों के साथ-साथ पुलिस और सरकार के खिलाफ भी आवाज उठाई गई। महापंचायत में बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश से भी लोग पहुंच रहे हैं और भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
इस बीच जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर भी बिलौटी गांव पहुंचे और भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। उनके महापंचायत में शामिल होने की भी बात कही जा रही है।मामले में नया मोड़ तब आया जब एनकाउंटर से पहले का एक वीडियो सामने आया। इसके बाद मृतक की मां की शिकायत पर एनकाउंटर में शामिल पुलिस टीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कई पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन हाजिर किया गया है, जबकि आगे गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही है।भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में जवाब तलब किया है, वहीं सुप्रीम कोर्ट में भी जांच की मांग को लेकर याचिका दायर की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने की घोषणा की थी, लेकिन परिजनों ने इस पर भरोसा जताने से इनकार कर दिया है।इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर भी असंतोष दिख रहा है। भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड के कुछ नेता और मंत्री भी इस एनकाउंटर को लेकर नाराजगी जता चुके हैं, जिससे सरकार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।


