करौंदी निवासी शुभम सिंह ने दुर्गाकुंड स्थित पैनासिया हॉस्पिटल पर उनकी माता के उपचार में गंभीर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया और निष्पक्ष जांच की मांग की।शुभम सिंह का आरोप है कि लगभग ढाई वर्ष पूर्व उनकी माता का पेट का ऑपरेशन पैनासिया हॉस्पिटल में किया गया था। उनके अनुसार ऑपरेशन के दौरान मरीज के शरीर में डिजे स्टेंट (DJ Stent) डाला गया था, लेकिन अस्पताल की ओर से यह जानकारी नहीं दी गई कि उक्त स्टेंट को निर्धारित अवधि के भीतर निकलवाना आवश्यक है।
उन्होंने दावा किया कि बाद में उनकी माता को लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। जांच कराने पर पता चला कि शरीर में स्टेंट अब भी मौजूद है, जबकि इसे सामान्यतः निर्धारित समयावधि में हटाया जाना चाहिए था। शुभम सिंह का आरोप है कि अस्पताल द्वारा आवश्यक जानकारी न दिए जाने के कारण समय पर स्टेंट नहीं निकाला जा सका।प्रेस वार्ता में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल के डॉ आशुतोष मिश्रा द्वारा अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई थी। उन्होंने दावा किया कि धनराशि न देने पर उन्हें भविष्य में अधिक खर्च होने की चेतावनी भी दी गई थी।
शुभम सिंह के अनुसार जब वे दोबारा अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल प्रबंधन ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय उन्हें ही दोषी ठहराने का प्रयास किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अभिलेख, जांच रिपोर्ट एवं अधिकारियों को दी गई शिकायतों का विवरण भी प्रस्तुत किया।पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


