भेलूपुर थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त वाराणसी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता जलपा देवी के अनुसार रानीपुर क्षेत्र स्थित उनकी पुश्तैनी भूमि, जिसे उनके दिवंगत पति द्वारा जीवनकाल में क्रय किया गया था, पर कुछ लोगों ने उनकी अनुपस्थिति का लाभ उठाकर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने बाउंड्रीवाल का ताला तोड़कर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगा दिया तथा वाहन खड़ा कर जमीन पर अपना कब्जा जमा लिया।
महिला का कहना है कि 22 जून 2026 को घर लौटने पर उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित पक्ष ने कथित रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।पीड़िता ने बताया कि मामले की सूचना तत्काल महमूरगंज चौकी और भेलूपुर थाने को दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।जलपा देवी ने पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में विशाल सिंह, शिशा सिंह, आकांक्षा सिंह, दयानंद सिंह एवं कामेश्वर राय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।


