वाराणसी के मकबूल आलम रोड पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर चल रहे एक ट्रक से सरिया का ढेर अचानक सरक गया और पीछे चल रही एक कार के पिछले हिस्से में जा घुसा। कार चला रहे बैंक मैनेजर और अन्य सवारों की किस्मत अच्छी रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
हालांकि, सरिया घुसने से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात प्रभावित हुआ।सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। एडीसीपी ट्रैफिक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क पर फैले सरिये को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरिया थोड़ा और आगे घुस जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते स्थिति नियंत्रित होने से एक गंभीर दुर्घटना टल गई।


