नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले एक चौंकाने वाली तकनीकी त्रुटि सामने आई है। महाराष्ट्र के नागपुर के एक छात्र को एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया।छात्र ने जब अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड किया, तो उसमें अबू धाबी स्थित परीक्षा केंद्र का उल्लेख देख वह और उसका परिवार हैरान रह गया। विदेश में परीक्षा देना उसके लिए संभव नहीं था, क्योंकि उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है।
मामले की जानकारी मिलते ही छात्र ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इसे तकनीकी गड़बड़ी स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।गौरतलब है कि नीट की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित होनी है। ऐसे में इस तरह की त्रुटि ने एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था और एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


