हिंदी, मराठी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों में अपनी विशिष्ट अभिनय शैली के लिए प्रसिद्ध अभिनेता, लेखक और निर्देशक मकरंद देशपांडे इन दिनों अपने आगामी प्रोजेक्ट की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी पहुंचे हैं। काशी प्रवास के दौरान उन्होंने अस्सी घाट स्थित गंगा आरती में आम श्रद्धालु की तरह शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया और आरती के दिव्य वातावरण का अनुभव किया। गंगा आरती के बाद मकरंद देशपांडे ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है।
उन्होंने कहा कि वाराणसी की हर गली, हर घाट और यहां का वातावरण जीवन को नई दृष्टि देता है। उनके अनुसार गंगा आरती को करीब से देखने का अनुभव अत्यंत सुखद और अविस्मरणीय रहा। आरती के दौरान उन्हें अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने बताया कि उनके आगामी प्रोजेक्ट में वाराणसी की संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और यहां की जीवन शैली की झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रोजेक्ट न केवल दर्शकों को पसंद आएगा, बल्कि काशी की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मकरंद देशपांडे को कन्नड़ फिल्म श्रृंखला दंडुपल्या में निभाए गए अपने प्रभावशाली किरदार के लिए विशेष पहचान मिली। इसके अलावा उन्हें ‘दंडुपल्या’ और ‘नंबर 66 मधुरा बस’ में नकारात्मक भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। वर्ष 2025 में उन्हें सुवर्णरत्न लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं मराठी फिल्म दगड़ी चॉल के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता श्रेणी में फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन भी प्राप्त हुआ। हाल ही में उन्होंने देव पटेल द्वारा निर्देशित फिल्म Monkey Man के जरिए अंग्रेजी फिल्मों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय अभिनय सफर को नई पहचान मिली।


