चौबेपुर थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव में शनिवार सुबह पड़ोसियों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों को पहले दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पड़ोसी विश्वास कुमार गौड़ उर्फ मनोज, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं, ने अपने परिजनों के साथ मिलकर धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में तीन भाई, एक बहन, पिता और चाचा घायल हुए। पीड़ित विकास यादव का कहना है कि घटना उस समय हुई जब उनका परिवार अपनी जमीन पर बाउंड्री के अंदर सीमेंट की शेड लगा रहा था। आरोप है कि उनके पिता ओमप्रकाश यादव पर तलवार से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
Advertisement
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ वर्ष से विवाद चल रहा है और कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका यह भी दावा है कि घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, फिर भी आरोपित पक्ष के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हुई।फिलहाल सभी घायल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



