पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन तेज, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

NEET पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा शामिल हुए। कई अभिभावक और बुजुर्ग भी अपने बच्चों के समर्थन में आंदोलन स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है और इसके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली, जब एक व्यक्ति कथित तौर पर CJP के विरोध में कॉकरोच मारने वाला स्प्रे लेकर मौके पर पहुंच गया। आंदोलनकारियों ने विरोध जताते हुए उसे प्रदर्शन स्थल से बाहर कर दिया। आंदोलन की अगुवाई CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वह शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि यह संघर्ष लंबा है और पिछले एक महीने से सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुख्य मुद्दों पर कार्रवाई करने के बजाय जनता का ध्यान दूसरी ओर भटकाने की कोशिश कर रही है। 

वहीं, प्रदर्शन स्थल पर नेटवर्क संबंधी समस्याओं की भी शिकायतें सामने आईं, जिससे कई लोगों को सोशल मीडिया और संचार सेवाओं के उपयोग में कठिनाई हुई। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post