पश्चिम बंगाल में सत्तापरिवर्तन के बाद टीएमसी नेताओं पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार पूर्व मेयर सब्यसाची दत्ता से पूछताछ के दौरान एक बड़ा खुलासा हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने नादिया जिले में छापेमारी की।जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर नादिया जिला परिषद की सदस्य टीना भौमिक साहा के नजीरपुर स्थित आवास पर देर रात छापा मारा गया। रात करीब दो बजे शुरू हुई कार्रवाई सुबह पांच बजे तक चली। इस दौरान टीना साहा और उनके पिता कंचन भौमिक के दो घरों से करीब 3 किलो सोना बरामद किया गया। बरामद सोने की कीमत लगभग 4 करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के समय टीना साहा और उनके पिता दोनों ही घर पर मौजूद नहीं थे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद सोना किसका है और इसे किस तरह इकट्ठा किया गया।बताया जा रहा है कि सब्यसाची दत्ता और टीना साहा के बीच करीबी संबंध रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि अवैध कमाई को सोने में निवेश किया गया हो सकता है। इससे पहले सब्यसाची दत्ता के फ्लैट और बैंक लॉकर से भी करीब साढ़े तीन किलो सोना बरामद किया जा चुका है।
टीना साहा के पिता नजीरपुर में कपड़े का कारोबार करते हैं, ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलना जांच के घेरे में है। पुलिस जल्द ही टीना साहा को पूछताछ के लिए नोटिस भेज सकती है।इस पूरे मामले के सामने आने के बाद टीएमसी के अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


