266 रन का लक्ष्य, लेकिन श्रीलंका-ए का पलटवार; 10 ओवर में 86/2

वनडे ट्राई सीरीज के मुकाबले में इंडिया-ए ने श्रीलंका-ए के सामने 266 रन का लक्ष्य रखा है। जवाब में श्रीलंका-ए ने तेज शुरुआत करते हुए 10 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिए हैं। ऐसे में मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए की शुरुआत निराशाजनक रही। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 21 रन बनाकर आउट हो गए। प्रभसिमरन सिंह 11 रन, अनुकूल रॉय 8 रन, निशांत सिंधु 6 रन और आयुष बडोनी 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मुश्किल परिस्थितियों में ऋतुराज गायकवाड और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की।

दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। ऋतुराज 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 23 रन का योगदान दिया। इसके बाद सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी हुई, जिसने इंडिया-ए को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यांश ने 72 रन की शानदार पारी खेली, जबकि विपराज ने 51 रन बनाए। उनकी बदौलत इंडिया-ए की पूरी टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई।

श्रीलंका-ए की ओर से विजयकांत वियास्कंथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट हासिल किए और भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। वहीं, वैभव सूर्यवंशी का ट्राई सीरीज में खराब प्रदर्शन जारी है। वह अब तक टूर्नामेंट में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। इससे पहले उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ 14 रन बनाए थे, जबकि अफगानिस्तान-ए के खिलाफ 22 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली थी। 266 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंका-ए ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक रुख अपनाया है। 10 ओवर में 86/2 का स्कोर बताता है कि मुकाबला अभी पूरी तरह खुला हुआ है और दोनों टीमों के बीच जीत की जंग दिलचस्प होता जा रहा है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post