गाजियाबाद में स्मार्ट सिटी के 5 बड़े प्रोजेक्ट जल्द शुरू, पार्किंग से ट्रैफिक तक मिलेगी राहत

गाजियाबाद में स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के विकास और आधुनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू होने जा रहा है। नगर निगम द्वारा इन योजनाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इन प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारा जाएगा।इन परियोजनाओं में वर्टिकल स्टैक पार्किंग का निर्माण प्रमुख है, जिससे कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी और बाजारों में पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा साईं उपवन से बायोडायवर्सिटी पार्क तक एलिवेटेड ट्रेल बनाया जाएगा, जिससे लोगों को हरियाली के बीच सुरक्षित और आकर्षक मार्ग मिल सकेगा।

शहर में ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई प्रमुख स्थानों पर आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। यह व्यवस्था इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत विकसित की जाएगी, जिससे यातायात नियंत्रण और निगरानी आसान होगी।इसके साथ ही स्मार्ट सिटी योजना में दो मलिन बस्तियों के विकास का कार्य भी शामिल है। इन क्षेत्रों में सड़क, सीवर, पेयजल और लाइटिंग जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। नगर निगम के कुछ स्कूलों का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।अधिकारियों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गाजियाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था, शहरी सुविधाओं और नागरिक जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।






Post a Comment

Previous Post Next Post