श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति की ओर से अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनवाड़ी में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सेवादारों का दल रविवार को लक्सा से रवाना हुआ। रवाना होने से पहले सभी सेवादारों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सेवादारों का जत्था लक्सा, भेलूपुर, सोनारपुरा, मदनपुरा, गोदौलिया, चौक और मैदागिन होते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां से ट्रेन के जरिए चंदनवाड़ी के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान मोटरसाइकिलों पर निकले जत्थे में डमरू दल और बाबा बर्फानी की आकर्षक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर सेवादारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर नगर प्रमुख दिलीप सिंह बंटी, अशोक कुमार तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अंबरीष सिंह भोला, पार्षद राम गोपाल वर्मा, पार्षद चंद्रनाथ मुखर्जी, पार्षद विजय द्विवेदी, कमल सेठ, विष्णु दयाल सेठ सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



