लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 15 छात्रों की हुई मृत्यु की खबर से काशी में शोक की लहर व्याप्त है। इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की आरती में दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।आरती से पूर्व गंगा सेवा निधि के अर्चकों ने मां गंगा में दीपदान कर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की गई।
मां गंगा की आरती प्रारंभ होने से पहले दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ एवं मां गंगा से मृतकों की आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत छात्रों के प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


