टैरिफ पर ट्रम्प का वार, दोस्ती पर भरोसा: बोले- PM मोदी अच्छे दोस्त, जल्द होगी ट्रेड डील

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रम्प ने कहा कि दशकों तक भारत ने अमेरिका पर ऊंचे टैरिफ लगाकर फायदा उठाया, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और अमेरिका भारत से अच्छी कमाई कर रहा है। हालांकि, ट्रम्प ने दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बताते हुए कहा कि जल्द ही एक बड़ा व्यापार समझौता हो सकता है। उन्होंने कहा, "मुझे मोदी पसंद हैं। वे मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारे संबंध बेहद अच्छे हैं।"

ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में भारतीय अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की है। दोनों देश एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे लंबे समय से लंबित व्यापारिक विवादों का समाधान हो सके। भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार वार्ता सकारात्मक रही है और दोनों पक्ष ऐसे समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं जिससे दोनों देशों को लाभ मिले।
इसी बीच अमेरिका ने कुछ देशों पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। इस सूची में भारत का नाम भी शामिल है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो अमेरिका जाने वाले भारतीय उत्पादों पर 12.5% अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। अमेरिकी बाजार में भारतीय सामान महंगा हो सकता है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त शुल्क को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अमेरिका पहले विभिन्न पक्षों की राय लेगा, उसके बाद अंतिम फैसला किया जाएगा। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। ऐसे में ट्रम्प का यह बयान दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post