उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रथम दिन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा कर्मियों ने अभ्यर्थियों के कपड़ों, जूतों तथा अन्य सामानों की जांच की। निर्धारित मानकों के अनुरूप ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई थी।परीक्षा के दौरान AI आधारित हाईटेक कैमरों के माध्यम से सभी गतिविधियों पर नजर रखी गई। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती रही। किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस, प्रशासन एवं तकनीकी टीमों को अलर्ट रखा गया था।
इस भर्ती परीक्षा में कुल 1.32 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जिसके लिए जिले में 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 8 जून से 10 जून तक आयोजित की जा रही है। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में लगभग 22 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा एसटीएफ, एलआईयू तथा अन्य खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय रहीं और लगातार निगरानी करती रहीं। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।वहीं सरकार द्वारा अभ्यर्थियों को राहत देते हुए यूपी रोडवेज की बसों में एडमिट कार्ड दिखाने पर 50 प्रतिशत किराया छूट की सुविधा भी प्रदान की गई, जिससे दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को काफी सहूलियत मिली।

