पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में एक निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, घटना के समय साइट पर बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। अचानक ढांचा गिरने से कई लोग मलबे के नीचे दब गए। आशंका जताई जा रही है कि अब भी 60 से अधिक मजदूर मलबे में फंसे हो सकते हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल भारी मशीनों और गैस कटर की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।फिलहाल, बचाव अभियान जारी है और मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।


