राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 1 जुलाई तक बारिश की संभावना बनी हुई है। साथ ही अगले कुछ दिनों में मॉनसून के उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में 1 और 2 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 जुलाई तक तथा 3 और 4 जुलाई को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 जून तक और फिर 4 जुलाई को बारिश के साथ तेज हवा और आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 1 जुलाई तक बारिश जारी रह सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 30 जून को ओलावृष्टि तथा 2 और 3 जुलाई को भारी बारिश होने के आसार हैं। उत्तराखंड में 30 जून से 4 जुलाई, हिमाचल प्रदेश में 1 से 4 जुलाई, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 जून से 1 जुलाई तथा पूर्वी राजस्थान में 2 से 4 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 4 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़, विदर्भ, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 4 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 2 जुलाई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है तथा अगले दो से तीन दिनों तक ऐसी स्थिति बनी रह सकती है।
आईएमडी के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। विभाग ने कहा कि अगले पांच से छह दिनों के दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में मॉनसून के सक्रिय होने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है।हालांकि, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 28 और 29 जून के दौरान लू चलने की चेतावनी भी जारी की थी, जो कुछ इलाकों में गंभीर रूप ले सकती है। वहीं निजी मौसम एजेंसी 'स्काईमेट' का अनुमान है कि यदि मौसमी परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो दिल्ली में 4 जुलाई तक मॉनसून दस्तक दे सकता है।
.jpeg)


