सुल्तानपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, मरने से पहले वीडियो में बताए हमलावरों के नाम

सुल्तानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कारीबहर गांव निवासी आजाद वर्मा के रूप में हुई है। वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल आजाद ने अस्पताल पहुंचने से पहले मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने कथित हमलावरों के नाम लिए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, आजाद वर्मा अपने ट्यूबवेल से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल आजाद को पहले सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के पीछे दो साल पुरानी रंजिश है। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2024 से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसी पुरानी दुश्मनी को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं, घायल अवस्था में बनाया गया आजाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post