शादी की खुशियां मातम में बदलीं: निमंत्रण बांटकर लौट रहे बाइक मैकेनिक की नहर में गिरने से मौत

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय बाइक मैकेनिक अनिल राजभर की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिरने से मौत हो गई। अनिल अपने छोटे भाई सुनील की 22 जून को होने वाली शादी का निमंत्रण रिश्तेदारों को देकर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में पलकहा नहर के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में शव और बाइक देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया।

अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी दो वर्ष पहले नेहा से हुई थी और उसकी तीन माह की एक बेटी है। परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। भाई की शादी की तैयारियों के बीच हुई इस दुखद घटना से पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं। चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post