बी.बी. हटिया स्थित श्री काशी विद्या मंदिर के प्रांगण में आयोजित 18 दिवसीय समर कैंप का समापन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने कैंप के दौरान सीखी गई विभिन्न कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में बच्चों ने चित्रकला, मेहंदी, कैलीग्राफी, नृत्यकला एवं कराटे जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और शिक्षकों को खूब प्रभावित किया। समर कैंप के दौरान अर्जित कौशल और आत्मविश्वास मंच पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रामचरण यादव एवं प्राचार्या किरण यादव ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।समापन समारोह के दौरान बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर माहौल को आनंदमय बना दिया। गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।कार्यक्रम में उमा शर्मा, वंदिता यादव, स्वाति सिंह, जाह्नवी मैडम, ज्योति गुजराती, नितिन उपाध्याय, नारायण जी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समापन समारोह ने बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिभा को एक नया मंच प्रदान किया।


