वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त शिक्षक की पत्नी की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष समेत 10 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और उनका नियमित डायलिसिस चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उनके भतीजे और अन्य लोगों ने आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिलाकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद कथित तौर पर उनसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर मोहनसराय स्थित लगभग 70 बिस्वा जमीन, जिसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई गई है, अपने नाम करा ली।
![]() |
| Advertisement |
मामले में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, पीड़ित के भतीजे, कुछ अन्य लोगों के साथ तत्कालीन उप-निबंधक और निबंधन कार्यालय के एक लिपिक को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फर्जी दस्तावेजों और मिलीभगत के जरिए जमीन का बैनामा कराया गया।
![]() |
| Advertisement |
स्थानीय अदालत के निर्देश पर रोहनिया थाना पुलिस ने सभी 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, मामले में भाजपा पदाधिकारी का नाम आने से जिले की राजनीति भी गरमा गई है।
![]() |
| Advertisement |



