उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बड़ागांव थाना क्षेत्र के नन्हेड़ा खुर्द गांव निवासी कीरथपाल ने आरोप लगाया है कि उसके गूंगे-बहरे भाई वेदपाल की शादी कराने के नाम पर एक गिरोह ने उससे दो लाख रुपये ठग लिए। शादी के महज चार दिन बाद ही दुल्हन घर छोड़कर चली गई। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कीरथपाल के अनुसार, उसके भाई वेदपाल की शादी कराने के लिए कुलदीप राणा नामक व्यक्ति ने उसकी मुलाकात मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के अणेच गांव निवासी प्रदीप से कराई। प्रदीप ने आगे सहारनपुर निवासी आरती सैनी से संपर्क कराया। आरोप है कि आरती ने शादी कराने के लिए दो लाख रुपये खर्च होने की बात कही और इस पर सहमति बन गई।शिकायत के मुताबिक, आरोपियों को 70 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि शादी के समय 1 लाख 30 हजार रुपये नकद दिए गए। इसके बाद 19 जून 2025 को पानीपत के पास रूबी नाम की युवती से वेदपाल की शादी कराई गई।
![]() |
| Advertisement |
पीड़ित का आरोप है कि शादी के सिर्फ चार दिन बाद ही रूबी घर छोड़कर चली गई। जब उसकी तलाश की गई तो पता चला कि यह पूरी शादी एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। शिकायत में रूबी, निक्की, ड्राइवर अमित, पानीपत की साई कॉलोनी निवासी मोनू कुमार समेत अन्य लोगों पर फर्जी शादी कर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। साथ ही आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
![]() |
| Advertisement |
पीड़ित ने पहले बड़ागांव पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के निर्देश के बाद बड़ागांव पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| Advertisement |



