वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में देर रात चार बाहरी युवकों द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर प्राक्टोरियल बोर्ड और लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सभी के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है।जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे चार युवक कार से विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल हुए और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने लगे। इससे परिसर में मौजूद छात्रों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। आरोप है कि युवकों ने रास्ते से गुजर रहे छात्र-छात्राओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। विरोध करने पर उन्होंने छात्रों के साथ अभद्रता और मारपीट की कोशिश की, जिससे परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

घटना से नाराज छात्रों ने कार का पीछा किया और उसकी गतिविधियों का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। कुछ दूरी पर विश्वविद्यालय के गेट के पास प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम ने वाहन को रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोके जाने के बाद आरोपी अपने परिचित पुलिसकर्मियों से फोन पर बात करने लगे। इस दौरान छात्रों ने बाहरी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को बीएचयू के बिड़ला छात्रावास का निवासी बता रहे थे। हालांकि, छात्रों का दावा है कि चारों बाहरी व्यक्ति हैं और उनका छात्रावास से कोई संबंध नहीं है। छात्रों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग अक्सर छात्रावास का नाम लेकर परिसर में प्रवेश करते हैं, जिससे छात्रावास की छवि भी प्रभावित होती है।लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि प्राक्टोरियल बोर्ड की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |