देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और इसका असर लगभग सभी हिस्सों में देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 जुलाई से अगले सात दिनों के लिए देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल और उससे सटे क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर लो-प्रेशर एरिया में बदल गया है, लेकिन इसके प्रभाव से पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 18 और 19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी कई इलाकों में अत्यधिक बारिश का अनुमान है।

उत्तर भारत में 17 से 23 जुलाई के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में रुक-रुक कर तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। 20 से 23 जुलाई के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश का अनुमान है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पश्चिम भारत में कोंकण, गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा के कई हिस्सों में भी हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में न रुकने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |
 |
| Advertisement |