दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का बड़ा तोहफा: अब वैष्णो देवी की यात्रा सिर्फ 6 घंटे में, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के महत्वपूर्ण हिस्सों का लोकार्पण कर देश को बड़ी सौगात दी। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दरबार कटरा तक का सफर अब 14 घंटे की बजाय सिर्फ 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। वहीं दिल्ली से अमृतसर की यात्रा भी अब लगभग 4 घंटे में पूरी होगी, जिसमें पहले करीब 8 घंटे लगते थे।दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 667 किलोमीटर है। यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर को जोड़ता है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के जींद में 157.92 किलोमीटर लंबे फोरलेन पैकेज और पंजाब के जालंधर में 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन किया।इन परियोजनाओं पर लगभग 9,680 करोड़ रुपये की लागत आई है।

इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी। इसके अलावा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स पार्क और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।अपने हरियाणा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है, जिससे बिजली पैदा होती है और धुएं की जगह केवल जलवाष्प निकलती है। इससे कार्बन उत्सर्जन लगभग शून्य रहता है और पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचता। ट्रेन में 10 कोच और लगभग 3200 हॉर्सपावर की क्षमता है।इसके अलावा प्रधानमंत्री ने जींद के एकलव्य स्टेडियम में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें भिवानी के पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज, नारनौल के महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुलाराम अस्पताल का उद्घाटन भी शामिल है। साथ ही कुरुक्षेत्र में आधुनिक तकनीक से विकसित होने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी गई।

Advertisement 

Advertisement 

Advertisement 






Post a Comment

Previous Post Next Post