यूपी समेत चार राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, कम दबाव के क्षेत्र से बढ़ेगा बारिश का दौर

मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 जुलाई को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में अगले कई दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।


मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 10 से 13 जुलाई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 10 से 16 जुलाई के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी तेज बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की भी चेतावनी दी गई है। 

Advertisement

मध्य भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 10 से 16 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले एक सप्ताह तक व्यापक बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। 

Advertisement

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, माहे, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और राहत एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post