उन्नाव में दर्दनाक हादसा: डंपर से टक्कर के बाद आगे बढ़ी रोडवेज बस, 3 यात्रियों की मौत, कंडक्टर घायल

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दही थाना क्षेत्र के पुरवा बाईपास मोड़ के पास रात करीब 2:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अयोध्या से कानपुर जा रही रोडवेज बस की एक डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री अपनी सुरक्षा के लिए बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए। 

इसी दौरान बस चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी। बस के नीचे और उसके पास खड़े चार लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस का कंडक्टर इंद्रपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल कंडक्टर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों में बस्ती जिले के मदनपुर निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र और अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के तुलसी तारा निवासी 40 वर्षीय रामनरेश की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Advertisement

बताया गया कि रामनरेश अपनी पत्नी नीलम और बच्चे के साथ कानपुर जा रहे थे। उन्हें अपने ससुर के निधन की सूचना मिली थी और वे अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

Advertisement

हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और डंपर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन आगे बढ़ाया और हादसे के लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार थी। एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post