बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला ने अपने डॉक्टर पति और ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और तीन तलाक देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता रिजवाना तबस्सुम, जो बरेली के मलिक इन्क्लेव, नकटिया की रहने वाली हैं, ने एडीजी से शिकायत में बताया कि उनकी शादी 5 नवंबर 2019 को हरिद्वार के लक्सर तहसील स्थित सुल्तानपुर आदमपुर निवासी डॉ. मुस्तकीम से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद पति, जेठ और अन्य ससुराल वालों ने उनके जेवर अपने कब्जे में ले लिए और कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया। आरोप है कि पति के एमबीबीएस डॉक्टर होने, आगे एमडी करने और अस्पताल बनाने का हवाला देकर दो करोड़ रुपये दहेज की मांग की गई।
महिला का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। हालात बिगड़ने पर उनके पिता उन्हें टिहरी से बरेली ले आए, जहां उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता होने पर वह दोबारा ससुराल गईं, लेकिन वहां भी प्रताड़ना जारी रही। मार्च 2023 में वह फिर मायके लौट आईं। इसके बाद पति ने व्हाट्सएप और ई-मेल के जरिए अभद्र संदेश भेजे और धमकियां दीं।
![]() |
| Advertisement |
रिजवाना के मुताबिक, 3 जनवरी 2025 को वह उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के इंटरव्यू के लिए गई थीं। आरोप है कि वहां उनके पति, जेठ और दो अन्य लोगों ने रास्ता रोककर दहेज की मांग पूरी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर पति ने उन्हें तीन तलाक देकर छोड़ दिया।महिला ने बताया कि परिवार बचाने के उद्देश्य से उन्होंने परिवार न्यायालय का सहारा लिया, लेकिन 3 जुलाई को सुनवाई के दौरान पति ने दोबारा तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि पति ने कहा कि वह शरीयत को मानता है, यूसीसी और भारतीय कानून को नहीं।
![]() |
| Advertisement |
पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने अपनी जमीन और गन्ने की खेती से जुड़े फर्जीवाड़े में उनका नाम शामिल कराने का दबाव बनाया। उनके अनुसार, 70 बीघा जमीन होने के बावजूद 600 बीघा गन्ने का रकबा दिखाकर भुगतान लेने का खेल किया जाता था और विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज तथा तेजाब डालने और दूसरी शादी करने की धमकी दी जाती थी।महिला की तहरीर के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने डॉक्टर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| Advertisement |



