वृंदावन। रक्षाबंधन के मौके पर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में भक्तों की अनोखी श्रद्धा देखने को मिली। देशभर से भगवान बांके बिहारी के लिए करीब 30 हजार चिट्ठियां और राखियां भेजी गईं। इन चिट्ठियों में भक्तों ने भगवान कृष्ण से अपनी मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना की।
कई भक्तों ने कान्हा को अपना भाई और बेटा मानकर राखियां भेजीं। वहीं कुछ चिट्ठियों में परिवार की खुशहाली, बच्चों के भविष्य और विवाह से जुड़ी मनोकामनाएं लिखी गईं।
एक भक्त ने अपनी चिट्ठी में लिखा- “कान्हा, मेरे बेटे के लिए अच्छी लड़की दिलवाना, जो आपको मानती हो।” इसी तरह कई लोगों ने अपने भाई-बहनों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए राखियां भेजीं।
भक्तों का मानना है कि बांके बिहारी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुराद जरूर पूरी होती है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने चिट्ठियों के जरिए अपने मन की बात ठाकुर जी तक पहुंचाई।



