अलीगढ़ हनीट्रैप कांड से भाजपा में हलचल, टिकट दावेदारों के नामों की चर्चा

अलीगढ़। अलीगढ़ में सामने आए हनीट्रैप प्रकरण ने भाजपा की स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी निधीश कांत भट्ट और बरौली चेयरमैन मनोज सिंह के मामले में पुलिस की जांच के बीच अब पार्टी से जुड़े कुछ अन्य प्रभावशाली नेताओं के नाम चर्चा में आने लगे हैं। इनमें आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं के नाम भी बताए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, हनीट्रैप गिरोह के संपर्क में करीब 9 से 10 अन्य लोग भी आए थे। इनमें होटल कारोबारी, कचौड़ी विक्रेता और खैर क्षेत्र का एक ग्राम प्रधान शामिल बताए जा रहे हैं। कुछ लोग पुलिस अधिकारियों से मिले भी, लेकिन सामाजिक बदनामी के डर से लिखित शिकायत देने से पीछे हट रहे हैं।

इस मामले में अब तक तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। भाजपा नेता निधीश कांत भट्ट की शिकायत पर महिला काजल उर्फ पूजा और उसके पति श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं बरौली चेयरमैन मनोज सिंह की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले में नामजद वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप कौशिक फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

Advertisement
पुलिस मोबाइल सीडीआर, लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि जांच में किसी प्रभावशाली नेता की भूमिका सामने आती है तो इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव की टिकट दावेदारी पर भी पड़ सकता है। हालांकि, अभी जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनके खिलाफ किसी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Advertisement
पुलिस का कहना है कि यदि कोई अन्य पीड़ित लिखित शिकायत देता है तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चर्चाओं में आ रहे नामों का इस प्रकरण से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं। 
Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post