राम मंदिर में चढ़ावे की निगरानी की ड्यूटी से कर्मचारी ने दिया इस्तीफा

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की गणना की निगरानी के लिए नियुक्त ट्रस्ट के एक कर्मचारी ने ड्यूटी का आदेश जारी होते ही इस्तीफा दे दिया। कर्मचारी विजय पाठक ने गुरुवार को राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन को व्हाट्सएप के जरिए अपना इस्तीफा भेजा। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से उन्हें निर्देश दिया गया है

कि वह औपचारिक रूप से ईमेल के माध्यम से इस्तीफा भेजें और मंदिर पहुंचकर अपना प्रवेश पत्र समेत अन्य जरूरी सामान जमा करें।जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव ने गुरुवार को चढ़ावे की गणना की निगरानी के लिए दो कर्मचारियों की नियुक्ति की थी। इनमें अमित कुमार ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली, जबकि विजय पाठक ने ड्यूटी का आदेश मिलते ही इस्तीफा दे दिया।

Advertisement
राम मंदिर में चढ़ावे की गणना और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं में एसबीआई की भी भूमिका है। एसबीआई और राम मंदिर ट्रस्ट के बीच हुए अनुबंध तथा तैयार की गई एसओपी के अनुसार चढ़ावे की व्यवस्था की जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की थी। हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच अब निगरानी के लिए नियुक्त कर्मचारियों को लेकर भी स्थिति चर्चा में है।

Advertisement
राम मंदिर की अलग-अलग व्यवस्थाओं में करीब एक दर्जन एजेंसियां मानव संसाधन उपलब्ध करा रही हैं। इनमें बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों के साथ छोटी एजेंसियां भी शामिल हैं। कुछ कंपनियां अपने संसाधनों से कर्मचारियों को वेतन देती हैं और बाद में ट्रस्ट से भुगतान प्राप्त करती हैं, जबकि कुछ एजेंसियां अन्य माध्यमों से कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था कर ट्रस्ट से भुगतान लेती हैं।

Advertisement
चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले की जांच फिलहाल सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में चल रही है। ऐसे में मंदिर की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर ट्रस्ट की ओर से भी सख्ती बरती जा रही है। ड्यूटी से संबंधित मामलों में कर्मचारियों से जवाब मांगे जाने की प्रक्रिया भी जारी है।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post