सलारपुर गांव में बाढ़ का प्रकोप, 50 से अधिक घर पानी में डूबे; स्कूलों में बनाए गए शरण स्थल

वाराणसी। जिले के सलारपुर गांव में लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बाढ़ का पानी गांव के कई घरों में घुस चुका है, जबकि करीब 50 से अधिक मकान पानी की चपेट में बताए जा रहे हैं। हालात बिगड़ने के बाद कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों राजेश्वर श्याम, मालती और हीना देवी ने बताया कि गांव में लगातार पानी बढ़ रहा है। घरों में पानी भरने से परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। ग्रामीण अपने बच्चों और परिवार के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।

स्कूलों में बनाए गए शरण स्थल

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन की ओर से विद्या बिहार और सरकारी स्कूलों को शरण स्थल के रूप में खोला गया है। स्थानीय युवक शिव प्रकाश ने बताया कि यहां प्रभावित परिवारों के ठहरने और खाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बाढ़ के बीच लोगों को सुरक्षित स्थान मिल सके।

गांव में पहुंच रहे प्रशासनिक अधिकारी

ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए लेखपाल समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी गांव का दौरा कर रहे हैं। हालांकि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक राहत सामग्री और जमीनी स्तर पर मदद सभी प्रभावित परिवारों तक पूरी तरह नहीं पहुंच सकी है।लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। लोगों को आशंका है कि यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में गांव के अन्य हिस्से भी बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post