बारिश ने खोली जलनिकासी व्यवस्था की पोल, सुसुवाही में गलियां और सड़कें जलमग्न

वाराणसी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद नगर निगम में हाल ही में शामिल किए गए नए वार्डों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। कई इलाकों में सड़कें और गलियां पानी में डूब गई हैं। जगह-जगह कीचड़, मलबा और गंदगी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव की स्थिति को देखते हुए सुसुवाही वार्ड के पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने प्रभावित इलाकों में पानी निकासी का अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को पार्षद ने कौशलपुरी, राधा सुपर मार्केट, वृंदावन समेत कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद जलभराव वाले स्थानों पर मशीनें लगाकर पानी निकालने का काम शुरू कराया गया।

पार्षद के अनुसार, कौशलपुरी में 12 हजार लीटर क्षमता की मशीन लगाई गई है। मशीन से निकाले जा रहे पानी को टैंकर के माध्यम से बाहर भेजा जा रहा है। वहीं राधा मार्केट के पास 4 हजार लीटर क्षमता की मशीन से पानी निकासी कराई जा रही है। वृंदावन क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर भी मशीनें लगाकर सड़कों और गलियों में जमा पानी हटाया जा रहा है।


नाला चोक होने से बढ़ी समस्या

पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू ने बताया कि सुसुवाही वार्ड के कई इलाकों में जलभराव की प्रमुख वजह करौंदी वार्ड के स्वामी विवेकानंद पुरम क्षेत्र में नाले का चोक होना है। नाला अवरुद्ध होने के कारण सुसुवाही की ओर से आने वाले पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव हो जाता है।उन्होंने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक और नगर निगम महापौर से वार्ता के बाद क्षेत्र में नए नाले के निर्माण को स्वीकृति दिलाई गई है। इसके साथ ही संबंधित परियोजना का कार्य भी स्वीकृत कराया गया है। पार्षद ने दावा किया कि इसी वर्ष प्रस्तावित नाले का उद्घाटन कराया जाएगा, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।फिलहाल प्राथमिकता जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने की है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर मशीनों के जरिए लगातार पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। पार्षद ने क्षेत्रवासियों से जलभराव के दौरान सावधानी बरतने और नगर निगम की टीमों का सहयोग करने की अपील की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post