हरियाली श्रृंगार में सजीं माता अन्नपूर्णा, भक्ति संगीत से गूंजा मंदिर परिसर

श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर काशीपुराधिश्वरी माता अन्नपूर्णेश्वरी मंदिर में माता अन्नपूर्णा का भव्य हरियाली श्रृंगार श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मंदिर को विभिन्न पुष्पों और हरियाली से आकर्षक ढंग से सजाया गया। महंत शंकर पुरी महाराज ने भोर बेला में माता का पंचामृत स्नान कराकर हरी बनारसी साड़ी, हरी चूड़ियों और आभूषणों से श्रृंगार किया। विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती हुई।

सायंकाल सांस्कृतिक प्रबंधक एवं गीतकार कन्हैया दुबे ‘केडी’ के संयोजन में भक्ति संगीत कार्यक्रम हुआ। कजरी, झूला गीतों और भक्ति रचनाओं की प्रस्तुतियों से सावन का रंग और गहरा हो गया। काशीनाद सोल ऑफ म्यूजिक समूह ने तबला, बांसुरी, सितार और घटम की संगत से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। 

संगीता पंडित, यथार्थ दुबे, रविंद्र सिंह ज्योति, अमलेश शुक्ला, व्यास मौर्य, महुआ बनर्जी, शैलबाला सहित कलाकारों ने मनोहारी प्रस्तुतियां दीं।सावनी फुहार के बीच भजनों की रसधार में श्रद्धालु झूमते रहे और मंदिर परिसर ‘माता अन्नपूर्णा की जय’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।




Post a Comment

Previous Post Next Post