नोएडा एयरपोर्ट को मिलेगी पश्चिमी यूपी से सीधी कनेक्टिविटी, गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेसवे बनेगा

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सीधे जोड़ने के लिए करीब 74.3 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड गंगा-यमुना लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने परियोजना के दोनों चरणों के लिए विकासकर्ता के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 8586 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना छह लेन की होगी, जिसे भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकेगा। एक्सप्रेसवे का निर्माण करीब तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है।

यह एक्सप्रेसवे यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर बिंदु से शुरू होकर बुलंदशहर के स्याना के पास गंगा एक्सप्रेसवे के 44.3 किलोमीटर बिंदु से जुड़ेगा। इसके बनने से बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों से नोएडा एयरपोर्ट तक सीधा और बेहतर सड़क संपर्क मिल सकेगा। परियोजना में सात अंडरपास, 11 छोटे पुल, तीन बड़े पुल, एक फ्लाईओवर और चार रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।

Advertisement

परियोजना का निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में ग्रेटर नोएडा के भाईपुर ब्राह्मणान से बुलंदशहर के बिचौला गांव तक करीब 24 किलोमीटर और दूसरे चरण में बिचौला से स्याना क्षेत्र के बहानपुर तक करीब 50 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। एक्सप्रेसवे कुल 56 गांवों से होकर गुजरेगा, जिनमें गौतमबुद्ध नगर के आठ और बुलंदशहर के 48 गांव शामिल हैं। इससे एक्सप्रेसवे के आसपास प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों और लॉजिस्टिक क्लस्टरों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। यीडा क्षेत्र में परियोजना के लिए करीब 90 फीसदी भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है, जबकि कुछ गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी जारी है।

Advertisement

Advertisement




Post a Comment

Previous Post Next Post