इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जिला शाखा वाराणसी के बेनियाबाग स्थित कार्यालय पर झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेडक्रॉस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा वाराणसी के सचिव डॉ. संजय राय ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। स्थापना दिवस सेवा भाव को और मजबूत करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस सेवा भावना के साथ संस्था अब तक कार्य करती आई है, उसे आगे भी पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा जाएगा।
डॉ. राय ने बताया कि आगामी सितंबर माह को ‘सेवा माह’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा है और संस्था इसी भावना के साथ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयासरत है।कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। झंडारोहण के साथ ही मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।



